• होम
  • दिल्ली
  • मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जन कल्याण शिविरों का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जन कल्याण शिविरों का किया शुभारंभ

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के संदेश विहार स्थित एमसीडी कम्युनिटी हॉल में ‘जन कल्याण शिविर’ का शुभारंभ किया। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ की भावना के साथ खोले जा रहे ये शिविर 18 से 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 18, 2026 4:00 pm IST, Published 2 hours ago

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के संदेश विहार स्थित एमसीडी कम्युनिटी हॉल में ‘जन कल्याण शिविर’ का शुभारंभ किया। ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ की भावना के साथ खोले जा रहे ये शिविर 18 से 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक राजधानी के सभी जिलों में कुल 42 स्थानों पर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर त्रि नगर से विधायक तिलकराम गुप्ता सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली के लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई ऐसी सुविधाएं थीं, जो वर्षों तक दिल्लीवासियों को उपलब्ध नहीं हो सकीं। लेकिन अब डबल इंजन की सरकार और जनता के प्रति समर्पित ट्रिपल इंजन व्यवस्था के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंच रही है और ‘सेवा, सुविधा और समाधान’ के संकल्प के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जन कल्याणकारी यात्रा और दिल्ली सरकार के एक वर्ष के प्रयासों का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन शिविरों का संचालन किया गया है। जो भी नागरिक विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें अब सभी विभागों द्वारा एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी, सहायता और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूरी दिल्ली में 42 स्थानों पर तीन दिनों तक चलने वाले इन शिविरों में नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। दिल्ली जल बोर्ड, हाउस टैक्स विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं ताकि लोगों को बिना किसी परेशानी के त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ दिल्ली भी विकसित दिल्ली के रूप में आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित न रहे और शासन की सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने निकटतम जन कल्याण शिविर में पहुंचकर केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।

जन कल्याण शिविर में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं एवं सेवाएं

इन शिविरों में नागरिकों को अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें पिंक कार्ड, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता, लखपति बिटिया योजना तथा पीएम-उदय योजना से संबंधित सेवाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आधार पंजीकरण काउंटर, ‘टैलेंट हंट – हौसलों की उड़ान’, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, हाउस टैक्स संबंधी सेवाएं, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर पावर संबंधी जानकारी एवं एमएसएमई और उद्योगों के लिए ऋण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Gauravshali Bharat

इन शिविरों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए छात्रवृत्ति, उच्च अध्ययन सहायता, जाति प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं से संबंधित जानकारी और सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, विधवा पुत्री विवाह सहायता योजना, एलपीएससी के अंतर्गत दिल्ली जल बोर्ड के जल कनेक्शनों का नियमितीकरण, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित अन्य पेंशनधारकों के अभिलेखों का अद्यतन और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं बीपीएल कार्डधारकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

Tags

Advertisement