पटना: पटना के चर्चित शिक्षक और सोशल मीडिया स्टार फैजल खान उर्फ ‘खान सर’ की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Global Studies) कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में सोमवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस गिरफ्तारी के डर से पिछले चार दिनों से अंडरग्राउंड चल रहे खान सर के वकीलों ने सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका दाखिल कर दी है, जिस पर मंगलवार (9 जून) को सुनवाई होगी।
इस पूरे मामले में मोड़ तब आया जब पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्डों (प्रदीप कुमार और तालेबार सिंह) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों गार्ड्स ने पुलिस के सामने यह कबूल किया कि उन्होंने खान सर के सीधे निर्देश पर ही दो-दो राउंड हवाई फायरिंग की थी।
दर्ज हुई नई FIR: गार्ड्स के इस बयान के बाद कदमकुआं थाना पुलिस ने FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट के तहत खान सर का नाम भी बतौर मुख्य आरोपी जोड़ दिया है।
सरेंडर की अफवाहें: शनिवार को कोर्ट परिसर में खान सर के आत्मसमर्पण (Surrender) करने की अफवाहें उड़ती रहीं, जिसे उनके मुख्य अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि खान सर को एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
इस कोचिंग विवाद की शुरुआत 2 जून को हुई थी, जब प्रतिद्वंदी ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान’ के लोगों पर खान सर के सेंटर पर हमला करने का आरोप लगा था। पुलिस ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया है। अब ज्ञान बिंदु के वकीलों ने खान सर के गार्ड्स की जमानत का पुरजोर विरोध करते हुए अदालत में कहा कि भीड़ पर ‘इरादतन और जानलेवा’ गोलीबारी की गई थी। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद गार्ड्स की जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
कानूनी शिकंजे के बीच अब प्रशासनिक स्तर पर भी खान सर की घेराबंदी शुरू हो गई है। रविवार को अग्निशमन विभाग (Fire Department) की टीम ने खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का औचक ‘फायर सेफ्टी ऑडिट’ किया।
15 जून की डेडलाइन: जांच में फायर सेफ्टी को लेकर कई गंभीर खामियां और नियमों का उल्लंघन पाया गया है। विभाग ने प्रबंधन को सख्त अल्टीमेटम देते हुए 15 जून तक सभी कमियों को दूर करने का नोटिस दिया है। सुधार न होने पर संस्थान को सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।