पटना: बिहार की राजधानी पटना का सबसे बड़ा कोचिंग हब मंगलवार देर रात गोलियों की गड़गड़ाहट और हंगामे से दहल उठा। पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित चर्चित शिक्षक और प्रसिद्ध यूट्यूबर ‘खान सर’ के कोचिंग संस्थान के अंदर कुछ अज्ञात बदमाशों ने घुसकर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस अचानक हुए हमले में वहां ड्यूटी पर तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका सिर फट गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना के एसएसपी (SSP), एसपी (SP) और कई थानों की पुलिस टीमें तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 11:30 बजे खान सर खुद अपने कोचिंग सेंटर पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बगल के कोचिंग संचालकों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए।
खान सर ने दावा किया कि कोचिंग के बाहर और अंदर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा:
“आज बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें हमारे संस्थान से हजारों बच्चे पास हुए हैं। सभी लोग बच्चों को सम्मानित करने के बाद थके हुए थे और क्लासेस खत्म हो चुकी थीं। तभी कुछ असामाजिक तत्व आए, धमकाने लगे और गार्ड्स को बेरहमी से पीटने लगे। चारों तरफ से गोलियां चल रही थीं।”
खान सर ने आगे कहा कि यह सब व्यापारिक रंजिश (Business Rivalry) के तहत किया गया है। उन्होंने कहा, “उन्हें मेरे कम फीस में गरीब बच्चों को पढ़ाने और इतने बेहतरीन रिजल्ट्स देने से परेशानी है। मुझे पहले ही दो दिनों के भीतर कोचिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।”
एक तरफ जहां खान सर ने सरेआम फायरिंग का दावा किया है, वहीं दूसरी तरफ पटना पुलिस ने गोलीबारी की घटना से साफ इनकार किया है।
टाउन DSP राजेश रंजन ने बताया, “संस्थान में फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस को सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में भी अभी तक फायरिंग से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला है। करीब 10 से 12 की संख्या में उपद्रवी पैदल आए थे, जिन्होंने मारपीट और तोड़फोड़ की है।”
पटना SSP कार्तिकेय के शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह आपसी मारपीट और विवाद का मामला है। घायल गार्ड ने हमलावरों को पहचान लिया है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।