कभी नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल रहा यह पुल अब पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। खासकर पटना, वैशाली और उत्तर बिहार के दूसरे जिलों में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस पुल के चालू होने के बाद यात्रियों और मालवाहक वाहनों को पटना शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरने की मजबूरी काफी हद तक कम हो सकती है।
इस मेगा ब्रिज की परियोजना को वर्ष 2015 में मंजूरी दी गई थी। अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका शिलान्यास किया था। उस समय बिहार में महागठबंधन की सरकार थी और शिलान्यास कार्यक्रम में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। नीतीश कुमार ने इस परियोजना को शुरू से ही प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने कई बार निर्माण स्थल का दौरा किया और अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली। पद से हटने के बाद भी उन्होंने पुल के निर्माण और गुणवत्ता पर नजर बनाए रखी। कच्ची दरगाह-बिदुपुर परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का 21 नवंबर को बिहार आगमन हो रहा है। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नामकरण राज्य सरकार द्वारा ‘नीतीश सेतु’ किया गया है, राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही माननीय प्रधानमंत्री जी राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 13, 2026
इसमें गंगा नदी पर बना मुख्य पुल 9.76 किलोमीटर लंबा है, जबकि लगभग 10 किलोमीटर का संपर्क मार्ग भी इसमें शामिल है। यह छह लेन का एक्स्ट्राडोज्ड केबल ब्रिज है। पूरी परियोजना के निर्माण पर करीब 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें जमीन अधिग्रहण की लागत भी शामिल है। परियोजना के वित्तपोषण के लिए राज्य सरकार ने एशियाई विकास बैंक यानी ADB से लगभग 3,000 करोड़ रुपये का ऋण लिया, जबकि करीब 2,000 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से खर्च किए हैं। इस पुल के शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा पटना और वैशाली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा। अनुमान है कि पुल चालू होने के बाद दोनों क्षेत्रों के बीच सड़क से सफर करने में लगने वाला समय घटकर लगभग 20 से 25 मिनट रह सकता है। अभी उत्तर बिहार जाने वाले कई वाहनों को पटना शहर के व्यस्त रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। नीतीश सेतु शुरू होने के बाद इस परेशानी में कमी आने की उम्मीद है।
इसके अलावा महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आमस-दरभंगा सड़क परियोजना को भी इससे बेहतर संपर्क मिलेगा। पटना गंगा पथ से जुड़ाव होने के कारण दक्षिण बिहार से आने वाले वाहन सीधे उत्तर बिहार की ओर जा सकेंगे। इससे वैशाली के साथ समस्तीपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों तक पहुंचना भी आसान हो सकता है। इस परियोजना का पहला चरण कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक तैयार किया गया था। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए 23 जून 2025 को इस हिस्से का उद्घाटन किया था। इसके शुरू होने से राघोपुर दियारा के लोगों को पटना से सीधा सड़क संपर्क मिला। अब दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद पुल बिदुपुर तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन के बाद पूरी परियोजना आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हो सकेगी।
गंगा नदी पर बने पुल बिहार के विकास और आवागमन व्यवस्था में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। राजेंद्र सेतु, महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु ने उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को मजबूत किया है। अब इस सूची में नीतीश सेतु का नाम भी जुड़ने जा रहा है। इस पुल से केवल यात्रा का समय कम होने की उम्मीद नहीं है, बल्कि व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिलने से व्यापारिक आवाजाही आसान होगी और आसपास के इलाकों में विकास की नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे में नीतीश सेतु बिहार के सड़क नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है।