पटना में BPSC TRE-4 भर्ती की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई छात्र नेताओं और अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता रिंकल यादव को पुलिस ने घसीटते हुए हिरासत में लिया। रिंकल यादव पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रह चुके हैं और उन्हें तेजप्रताप यादव का समर्थन प्राप्त था। महिला अभ्यर्थियों को भी पुलिस द्वारा जबरन हटाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अभ्यर्थी जंजीर पहनकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उनका कहना था कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है और उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा। प्रदर्शन को देखते हुए पटना कॉलेज इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही वाटर कैनन की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रदर्शन शुरू होने से पहले छात्र नेता खुशबू पाठक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर भी प्रशासन सख्ती बरत रहा है। इसी बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बिहार बोर्ड कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने पूछताछ-सह-शिकायत निवारण केंद्र का उद्घाटन किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या प्रदर्शन करना गुनाह है, तो सवाल सुनते ही शिक्षा मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त कर दी और “धन्यवाद” कहकर वहां से चले गए।