गाजीपुर: चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में जुटी STF की टीम ने गाजीपुर जिले में दबिश देकर मामले की कड़ियां खंगालनी शुरू कर दी हैं। जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर पुलिस ने जमानियां क्षेत्र के मतसा गांव में छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, मामले में गाजीपुर निवासी विनय राय का नाम संदिग्ध तौर पर सामने आने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि बंगाल पुलिस की टीम ने जमानियां कोतवाली के मतसा में विनय राय और उसके एक करीबी सहयोगी के संभावित ठिकानों पर छानबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद टीम ने स्थानीय स्तर पर उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई।
जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि विनय राय के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके संपर्कों और हालिया गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है, जबकि स्थानीय पुलिस भी बंगाल STF के साथ समन्वय में जुटी हुई है।