रेहराबाजार (बलरामपुर)। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में रेहरा बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना रेहरा बाजार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम पूरे पश्चिमडीह पकड़ी भुवारी निवासी मो. कलीम पुत्र मो. नईम ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर अपने झांसे में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 04/2026 धारा 69/108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।
रमेश कुमार शर्मा।गौरवशाली भारत