गाजीपुर: चर्चित विनीत राय हत्याकांड की जांच अब और तेज हो गई है। मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंट्री के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। एसटीएफ की टीम जिले में डेरा डाले हुए है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, वाराणसी परिक्षेत्र एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 26 मई की रात शहर के एक होटल के बाहर विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
इस बीच पीड़ित परिवार ने भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। हाल ही में परिवार की ओर से कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की रफ्तार और बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।