आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एत्माददौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित छदामी नगर में एक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे न मिलने पर अपने ही पिता की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने बीच-बचाव करने आए अपने भाई को भी घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी धर्मवीर ने अपने पिता लीलाधर से शराब पीने के लिए 1500 रुपए मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर उसने घर में विवाद शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया, लेकिन आरोपी का गुस्सा कम नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि देर रात आरोपी दोबारा घर पहुंचा और हंगामा करने लगा। बुधवार सुबह जब लीलाधर अपने बेटे राजेश के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकले, तभी धर्मवीर ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उसने इंटरलॉकिंग ईंट उठाकर पिता के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
पिता को बचाने आए भाई राजेश पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर लीलाधर को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था। हालांकि, किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतनी भयावह घटना तक पहुंच जाएगा।