नई दिल्ली: दिल्ली सरकार का परिवहन विभाग जागरूकता अभियानों और सख्त प्रवर्तन के माध्यम के जरिए सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी उल्लंघनों पर रोक लगाने के लिए अपने प्रयासों को लगातार तेज कर रहा है।
इस प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करते हुए ‘आज जागरूक, हमेशा जिम्मेदार-एक सुरक्षित और हरित भविष्य के लिए’ (Aware Today, Responsible Always for a Safer, Greener Tomorrow) थीम के अंतर्गत ‘रोड सेफ्टी और सस्टेनेबल मोबिलिटी इनिशिएटिव 2026’ का आयोजन किया।
इस विशेष पहल में दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल देवराहा समेत कई प्रमुख हितधारक भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन गरवारे हाई टेक फिल्म्स, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और लाइफस्टाइल वेदा इंटीग्रेटेड वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया।
इस पहल के तहत कई तरह की पहलों का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता अभियान, निःशुल्क PUC (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) जांच और सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक शामिल थे। इन प्रयासों में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली और समुदाय-स्तर पर इनके प्रभाव के लिए काफी सराहना भी की गई। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री महोदय ने सड़क सुरक्षा में योगदान देने वाले स्कूली बच्चों, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों, शिक्षकों और अन्य जागरूक नागरिकों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह के अभियानों के जरिए हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि लोग न केवल यातायात नियमों को समझें, बल्कि उनका जिम्मेदारी से पालन भी करें। हमारा लक्ष्य साफ है- दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित सड़कें, दुर्घटनाएं में कमी और दिल्ली के हर नागरिक के लिए स्वच्छ हवा।
युवाओं में जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए माननीय मंत्री महोदय ने कहा कि छात्र हमारे देश का भविष्य हैं। आज उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करके आने वाली पीढ़ी को और अधिक ज़िम्मेदार बनाया जा सकता है। साथ ही कम उम्र में वाहन चलाने को रोकना और शुरुआती दौर में ही अनुशासन की भावना विकसित करना भी बेहद जरूरी है।
सामूहिक प्रयासों की भूमिका पर जोर देते हुए परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारी सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जान-माल की हानि को कम करना है, जिसका पीड़ित परिवारों पर गहरा असर पड़ता है। यदि हमारे जन-प्रतिनिधि, विधायक और सामाजिक संस्थाएं मिलकर ऐसे अभियान को चलाएं, तो जागरूकता में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
नशे में वाहन चलाने पर रोक को लेकर परिवहन मंत्री ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए हमने बेहद सख्त कार्रवाई के साथ-साथ लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने पर भी ध्यान दे रहे हैं। हमारी सरकार के लगातार प्रयासों से ऐसे मामलों में पहले से काफी कमी आई है और हमें पूरा भरोसा है कि जन-सहयोग और निरंतर प्रयासों से आने वाले समय में शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाओं में और भी कमी आएगी। दिल्ली सरकार ने दीर्घकालिक सुधार के लिए सड़क सुरक्षा और पर्यावरणीय संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान, सख्त प्रवर्तन कार्रवाई और सामुदायिक भागीदारी के निरंतर प्रयासों और बहुआयामी उपायों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता फिर से दोहराई।