दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने मेयर पद के लिए प्रवेश वाही को उम्मीदवार बनाया है, जो रोहिणी ई वार्ड नंबर 53 से पार्षद हैं। वहीं, उप-महापौर पद के लिए मोनिका पंत को चुना गया है, जो आनंद विहार के वार्ड नंबर 206 से पार्षद हैं।
स्थायी समिति के लिए भी नाम तय कर दिए गए हैं। नेता सदन और स्थायी समिति सदस्य के रूप में जय भगवान यादव को चुना गया है, जबकि मनीष चड्ढा को स्थायी समिति सदस्य के तौर पर टिकट दिया गया है। जय भगवान यादव बेगमपुर वार्ड से और मनीष चड्ढा पहाड़गंज वार्ड से पार्षद हैं। सभी उम्मीदवार आज ही नामांकन दाखिल करेंगे, क्योंकि यह प्रक्रिया का अंतिम दिन है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस बार मेयर चुनाव में हिस्सा न लेने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि वह विपक्ष में रहकर भारतीय जनता पार्टी के शासन मॉडल की निगरानी करेगी और जनता के मुद्दों को उठाएगी। AAP का यह भी तर्क है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी वह चुनाव से दूर रहकर BJP को पूरी तरह जवाबदेह बनाए रखना चाहती है।
AAP के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाएगी और यह उजागर करेगी कि केंद्र, उपराज्यपाल कार्यालय और MCD जैसे कई स्तरों पर सत्ता होने के बावजूद BJP दिल्ली की समस्याओं का समाधान करने में सफल नहीं हो पाई है।