महाराजा अग्रसेन कॉलेज में वार्षिकोत्सव का आयोजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला रहे कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। श्री ओम बिरला ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय छात्रों में ज्ञानार्जन, शोध और सीखने की उत्कृष्ट क्षमता है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन कॉलेज की उल्लेखनीय उपलब्धियों और विकास यात्रा की सराहना की तथा विश्वास जताया कि कॉलेज के विद्यार्थी वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को पूरा करने में सक्रिय योगदान देंगे। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सलाह दी। अपने संबोधन में महाराजा अग्रसेन की आर्थिक नीतियों और सामाजिक समानता के वैचारिक महत्व को रेखांकित करते हुए सरदार बल्लभभाई पटेल के कुशल प्रशासनिक नेतृत्व और डॉ. बी.आर. आंबेडकर की संवैधानिक दूरदर्शिता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर संजीव कुमार तिवारी ने 2026 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कॉलेज के शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि अंतिम वर्ष के कुल विद्यार्थियों में से 82 फीसदी से अधिक ने प्रथम श्रेणी के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। इस अवसर पर उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी तथा विश्वास दिलाया कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी ने कॉलेज के सकारात्मक वातावरण और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की। समारोह में अकादमिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। संस्कृति पुरस्कार स्नेहा मिश्रा को, श्रेष्ठ संयोजक पुरस्कार राहुल यादव को, तथा विद्योतमा पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ छात्र पुरस्कार दोनों अंशुल को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए तेरह स्मृति पुरस्कार एवं छात्रवृत्तियाँ प्रदान की गईं।
प्रो. प्रेम कुमारी श्रीवास्तव स्मृति स्वर्ण पुरस्कार ऋतिका कुमारी को प्रदान किया गया; श्रीमती आशा सिन्हा एवं प्रो. चित्तरंजन सिन्हा स्मृति रजत पुरस्कार चंचल कौशिक, सान्या त्यागी एवं भूमिका सरकार को दिया गया; श्री विनोद कुमार जैन स्मृति स्वर्ण पुरस्कार पांडे कौशल संजय को प्रदान किया गया; पं. कपिल देव ओझा एवं श्रीमती श्याम प्यारी देवी स्मृति हिंदी प्रवीणता पुरस्कार स्वाति सुरभि को दिया गया; श्री जगदीश नारायण बत्रा एवं श्रीमती सरोज बत्रा स्मृति स्वर्ण पुरस्कार तन्नु को प्रदान किया गया; स्वतंत्रता सेनानी पं. राम स्वरूप पराशर स्मृति पुरस्कार रौनक रॉय को दिया गया; डॉ. एस. पी. वर्मा स्मृति पुरस्कार (प्रथम एवं द्वितीय स्थान) तनिषा सोनी एवं रोहित कर्नाटक को प्रदान किए गए; श्री जितेंद्र नाथ सोंधी स्मृति पुरस्कार (प्रथम एवं द्वितीय स्थान) अभिषेक राज एवं आर्यन शाही को दिए गए; श्री सुल्तान चंद स्मृति छात्रवृत्तियाँ नित्या सचदेवा एवं मेहक शर्मा को प्रदान की गईं, तथा सुल्तान चंद द्रोपदी देवी स्मृति छात्रवृत्ति वरुण शर्मा को दी गई। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न प्रकाशनों—ज्ञान संचय, इंडियन जर्नल ऑफ सोशल इन्क्वायरी तथा फ्लोरा एट MAC—का भी विमोचन किया गया। साथ ही, कॉलेज की वार्षिक पत्रिका अग्रणिका 2026 का औपचारिक अनावरण किया गया।कार्यक्रम का संचालन प्रो. गीतांजलि चावला तथा धन्यवाद ज्ञापन एनुअल ऐक्टिविटी कमिटी की कन्वेनर डॉ. रेणु सैनी ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।