• होम
  • दिल्ली
  • मालवीय नगर अग्निकांड: सीएम रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, घायलों को ₹5 लाख सहायता की घोषणा

मालवीय नगर अग्निकांड: सीएम रेखा गुप्ता ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, घायलों को ₹5 लाख सहायता की घोषणा

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मालवीय नगर में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जानने के लिए साकेत स्थित अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की, उनके परिजनों से बात की और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 4, 2026 6:08 pm IST, Published 1 hour ago

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मालवीय नगर में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जानने के लिए साकेत स्थित अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की, उनके परिजनों से बात की और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी तरह की कोई कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अग्नि दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन मृतकों के परिजन अन्य राज्यों या विदेशों में रहते हैं, उनके पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तुरंत की जाएं। अस्पताल में भर्ती घायलों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार उनके साथ है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों से प्रत्येक मरीज की स्थिति की व्यक्तिगत जानकारी ली और उपचार प्रक्रिया की निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

बचाव कार्य करने वालों की सराहना

अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि हादसे के समय स्थानीय लोगों, होटल कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और अन्य स्वयंसेवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई घायलों को मौके पर ही सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में उनका साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता प्रशंसनीय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्य में विशेष योगदान देने वाले नागरिकों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जाए।

अग्नि सुरक्षा मानकों की होगी व्यापक समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में कई गंभीर सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई हैं। कई भवनों में आपातकालीन निकास मार्ग, फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लोगों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच पाती। उन्होंने संबंधित विभागों को घटना की विस्तृत जांच कराने और राजधानी के होटलों, व्यावसायिक परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का विशेष ऑडिट कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होगी, वहां जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत, उपचार और पुनर्वास से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएंगी ताकि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके।

Advertisement