नई दिल्ली : डीडीए इंजीनियर्स एसोसिएशन के चुनाव गुरुवार को डीडीए मुख्यालय विकास सदन में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। इस चुनाव में लगभग 1310 इंजीनियरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणामों में वरिष्ठ इंजीनियर नेता परम यादव ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 880 वोट प्राप्त कर लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। उनकी इस जीत से इंजीनियर समुदाय में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
परम यादव इससे पहले तीन बार एसोसिएशन के महासचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे पिछले करीब 30 वर्षों से दिल्ली इंजीनियर्स एसोसिएशन के महासचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इंजीनियरों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और उनके हितों के लिए लगातार संघर्ष करने के कारण उन्हें दिल्ली के इंजीनियरों की मजबूत आवाज माना जाता है।
संगठनात्मक और सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। परम यादव पिछले पांच वर्षों से दिल्ली भाजपा इंजीनियर्स सेल के कन्वीनर के पद पर भी कार्य कर रहे हैं। लगभग 40 वर्षों से विभिन्न पदों पर रहकर उन्होंने इंजीनियर समाज की सेवा की है। उनकी कार्यशैली, अनुभव और नेतृत्व क्षमता के चलते इंजीनियर समुदाय में उनका विशेष सम्मान है।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों एवं इंजीनियरों ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में इंजीनियरों के हितों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती मिलेगी।