संगठन विस्तार पर बनेगी रणनीति: अभिजीत दीपके छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को कहा कि संगठन की बुधवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों से मिले फीडबैक पर चर्चा कर आगे की रणनीति […]
छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को कहा कि संगठन की बुधवार को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों से मिले फीडबैक पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
दीपके ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सीजेपी को राजनीतिक दल में बदलने का कोई प्रस्ताव संगठन के सामने नहीं है। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा तय करना है।
उन्होंने बताया कि बैठक की शुरुआत जंतर-मंतर प्रदर्शन के अनुभवों और कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाओं पर चर्चा से होगी। इसके बाद संगठन की टीम के विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने और देशभर में सीजेपी की मौजूदगी मजबूत करने के मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा जेन-जी (Gen-Z) के साथ संवाद की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने इसे सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं से बातचीत बढ़ाना समय की आवश्यकता है और युवा नेताओं को भी युवाओं के साथ खुलकर संवाद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
दीपके ने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी बात सुनने से ही समाज और संगठन दोनों को नई दिशा मिल सकती है।