मुंबई। बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में सोनू निगम अभिनेता सलमान खान के गाने ‘मैं हूं हीरो तेरा’ की गायकी का मजाक उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, सोनू निगम ने अब इस वीडियो की सच्चाई बताते हुए इसे एडिटेड और फर्जी करार दिया है।
सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में वह सलमान खान का मजाक नहीं उड़ा रहे थे। उन्होंने बताया कि इंटरनेट पर किसी भी वीडियो को एडिट करके अलग संदर्भ में पेश किया जा सकता है। उनके मुताबिक, वायरल क्लिप को पुराने वीडियो से काट-छांटकर तैयार किया गया है।
सोनू निगम ने बताया कि वायरल हो रहा मूल वीडियो साल 2020 का है। उस समय अभिनेता और टीवी होस्ट जावेद जाफरी ने उन्हें नेसकैफे बेसमेंट के गाने ‘बोल हू’ का एक वीडियो भेजा था। इस वीडियो में पाकिस्तान की बाल गायिका हादिया हाशमी ने आलाप गाया था।
हादिया हाशमी की आवाज सुनकर सोनू निगम काफी भावुक हो गए थे। उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और उन्होंने बच्ची की गायकी की तारीफ करते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड किया था।
सोनू निगम के मुताबिक, इसी पुराने वीडियो को बाद में एडिट कर सलमान खान के टेलीविजन पर गाए गए ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाने के साथ जोड़ दिया गया। एडिटेड क्लिप में ऐसा दिखाया गया कि सोनू निगम सलमान खान की गायकी पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उसका मजाक उड़ा रहे हैं।
सोनू ने इस दावे को गलत बताया और कहा कि वास्तविक वीडियो का सलमान खान से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो को बिना संदर्भ समझे सच न मानने की अपील की।
इस मामले में वायरल क्लिप और सोनू निगम की सफाई ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को एडिट करके नए संदर्भ में पेश किए जाने को लेकर सवाल खड़े किए हैं।