सूरत: गुजरात के सूरत जिले में बारडोली के पास मंगलवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो तेज रफ्तार बसों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक बस पलटते ही आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना का शिकार हुईं दोनों बसें महाराष्ट्र की हैं।
यह दुर्घटना मंगलवार दोपहर करीब 4:30 बजे बारडोली के पास हाईवे पर हुई।
पलटे टैंकर को बचाने की कोशिश: हाईवे पर पहले से एक टैंकर पलटा हुआ था। तेज रफ्तार में आ रही एक बस के ड्राइवर ने जब अचानक सामने पलटे टैंकर को देखा, तो उसने गाड़ी को बचाने की जोरदार कोशिश की।
नियंत्रण खोकर डिवाइडर पार किया: इस कोशिश में ड्राइवर का बस के स्टीयरिंग से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया। अनियंत्रित बस डिवाइडर को कूदकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बस से सीधे टकरा गई।
पलटते ही लगी भीषण आग: टक्कर लगते ही एक बस सड़क किनारे पलट गई और उसमें अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार कई पैसेंजर्स को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
कलेक्टर तेजस पटेल का बयान: सूरत के कलेक्टर तेजस पटेल ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना शाम 4:30 बजे हुई। घायलों को तुरंत तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बारडोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 17 घायलों का इलाज डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों की देखरेख में किया जा रहा है, जहाँ फिलहाल किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे और चोटिल 7 अन्य मरीजों को सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।