जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नगरोटा में स्वामी प्रणवानंद विद्यामंदिर की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया। उपराज्यपाल ने आज के बदलते परिदृश्य में छात्रों से कक्षाओं को अपने अनुरूप भी ढालने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों के इस कदम से भारत को विश्व की अग्रणी ज्ञान अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि हमें छात्रों के बीच सांस्कृतिक जागरूकता को मजबूत करने की आवश्यकता है, क्योंकि विविधता में एकता ही वैश्विक समाज को परिभाषित करती है। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि स्पष्ट अभिव्यक्ति के लिए हमें संचार कौशल को बढ़ावा देना होगा और इसके महत्व को समझना होग। इससे हमारी आने वाली नई पीढ़ी को बेहतर जीवन मिलने में मदद मिलेगी। वहीं, लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी और समृद्ध जम्मू-कश्मीर के सहयोग को बढ़ावा देने में भी हमें मदद मिलेगी।
इससे पहले, 22 अप्रैल को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सांबा में एवररेडी इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने पहलगाम हमले और पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने पहलगाम हमले के संदर्भ में कहा था कि हमारी बहन बेटियों के सिंदूर पर आंख उठाकर देखने वालों को भारत भूलता नहीं है, बल्कि उन्हें कड़ी सजा देता है। इसके अलावा, उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा था कि एक तरफ जहां पाकिस्तान आतंकियों की फैक्ट्री लगाता है, तो वहीं दूसरी तरफ हमारे यहां पर विकास के लिए फैक्ट्रियां स्थापित का जा रही हैं, ताकि अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा था कि एक तरफ पड़ोसी मुल्क अपनी फैक्ट्रियों से आतंकवादियों को पैदा कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ से हमारी फैक्ट्रियों में हो रहे कामों से राष्ट्र निर्माण को मदद मिल रही है।