जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों (ओवरग्राउंड वर्कर – OGW) को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से विदेशी हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
विदेशी हथियार और आईईडी बरामद: गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से तुर्की में बनी एक ‘कनिक’ (KANIK) पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूसों वाली मैगजीन, कुछ नकदी और दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) जब्त किए गए हैं।
संयुक्त कार्रवाई में सफलता: सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और बारामूला पुलिस ने सटीक खुफिया इनपुट के आधार पर डेलिना घाट के पास डारपुरा नर्सरी इलाके में साझा सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों को धर दबोचा।
सोपोर के रहने वाले हैं आरोपी: शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सोपोर के चिंकीपोरा इलाके के निवासी हैं और क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों तक हथियार व विस्फोटक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
नेटवर्क पर शिकंजा: घाटी में आतंकी नेटवर्क और उनके मददगारों के ढांचे को ध्वस्त करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। पिछले 60 दिनों के दौरान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ऐसे लगभग 18 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ जारी है।