नितिन नवीन अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत जम्मू में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इसके अलावा उनका माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन का भी कार्यक्रम तय था। हालांकि, अचानक दिल्ली से मिले संदेश के बाद उनका दौरा बीच में ही समाप्त कर दिया गया और वे वापस रवाना हो गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में संगठन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक के चलते यह फैसला लिया गया। हालांकि, बैठक के एजेंडे या उसमें किन विषयों पर चर्चा होनी है, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति के मद्देनज़र शीर्ष नेतृत्व लगातार वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर रहा है। ऐसे में नितिन नवीन की अचानक दिल्ली वापसी को भी इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम परिवर्तन को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की बैठक के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।