• होम
  • जॉब
  • डीआरडीओ में एआई रिसर्च फेलोशिप, 14 अगस्त तक करें आवेदन

डीआरडीओ में एआई रिसर्च फेलोशिप, 14 अगस्त तक करें आवेदन

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने शानदार अवसर उपलब्ध कराया है। डीआरडीओ की यंग साइंटिस्ट लैब–आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (डीवाईएसएल-एआई), बेंगलुरु ने जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती उन […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 31, 2026 2:25 pm IST, Published 49 minutes ago

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने शानदार अवसर उपलब्ध कराया है। डीआरडीओ की यंग साइंटिस्ट लैब–आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (डीवाईएसएल-एआई), बेंगलुरु ने जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती उन छात्रों और युवा शोधकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखती है, जो एआई आधारित अत्याधुनिक तकनीकों पर अनुसंधान करना चाहते हैं।

डीवाईएसएल-एआई देश की प्रमुख अनुसंधान प्रयोगशालाओं में से एक है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रक्षा तकनीकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम किया जाता है। यह प्रयोगशाला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT), भारतीय विज्ञान संस्थान (IISC ) और अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर अनुसंधान कार्य संचालित करती है। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को विशेषज्ञ वैज्ञानिकों के साथ काम करने और आधुनिक तकनीकों पर शोध का अवसर मिलेगा।

जूनियर रिसर्च फेलो पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक के साथ वैध नेट या गेट स्कोर होना चाहिए। इसके अलावा प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक एवं एमई/एमटेक या प्रथम श्रेणी में बेसिक साइंस में परास्नातक डिग्री के साथ नेट योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी दक्षता रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।

डीआरडीओ ने स्पष्ट किया है कि समस्या समाधान क्षमता, एल्गोरिद्म की समझ,Python, Java, C++ or similar जैसी प्रोग्रामिंग भाषाओं का ज्ञान तथा मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, कंप्यूटर विजन, प्राकृतिक भाषा संसाधन (एनएलपी) और रीइन्फोर्समेंट लर्निंग जैसी आधुनिक एआई तकनीकों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को विशेष वरीयता मिलेगी। वर्तमान समय में इन तकनीकों की मांग लगातार बढ़ रही है और रक्षा अनुसंधान में इनका उपयोग तेजी से विस्तार पा रहा है।

चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 37,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार मकान किराया भत्ता (एचआरए) भी मिलेगा। वर्तमान दरों के अनुसार कुल मासिक वजीफा लगभग 48,100 रुपये तक होगा। हालांकि, यदि संस्थान की ओर से आवास उपलब्ध कराया जाता है, तो एचआरए देय नहीं होगा।

फेलोशिप की अवधि प्रारंभिक रूप से दो वर्ष की होगी। इस दौरान उम्मीदवारों के प्रदर्शन का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को आगे सीनियर रिसर्च फेलो (एसआरएफ) के रूप में पदोन्नत किया जा सकता है। इसके अलावा संस्थान की अनुमति मिलने पर चयनित फेलो पार्ट-टाइम पीएचडी के लिए भी पंजीकरण करा सकते हैं, जिससे उन्हें शोध और उच्च शिक्षा दोनों का लाभ मिलेगा।

आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन और ई-मेल दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित प्रारूप में भर सकते हैं। आवेदन के साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, नेट/गेट स्कोर कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) नहीं दिया जाएगा।

आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन डाक के माध्यम से निदेशक, डीवाईएसएल-एआई, बेंगलुरु के पते पर भेजे जा सकते हैं या स्कैन कॉपी ई-मेल से भी जमा की जा सकती है। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। एआई और रक्षा अनुसंधान में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

 

 

Advertisement