भोपाल। भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर चोरों और तस्करों की नजर लगातार बनी हुई है। देश में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षित स्मारकों से प्राचीन मूर्तियों, शिलालेखों, धातु की कलाकृतियों और स्थापत्य के ऐतिहासिक हिस्सों की चोरी के मामलों में मध्य प्रदेश पहले स्थान पर है। वर्ष 1960 से अब तक देशभर में कुल 488 पुरावशेष चोरी हुए हैं। इनमें से 142 यानी करीब 29.1 प्रतिशत अकेले मध्य प्रदेश के हैं। राजस्थान 91 मामलों के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश 86 पुरावशेषों की चोरी के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। चिंता की बात यह है कि चोरी हुई ज्यादातर ऐतिहासिक वस्तुएं अब तक बरामद नहीं हो सकी हैं। इनमें कई ऐसी प्रतिमाएं और कलाकृतियां शामिल हैं, जिनका ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व बेहद खास है।
मंदिरों और किलों से चोरी हुईं प्राचीन प्रतिमाएं
मध्य प्रदेश के गुना, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, भिंड, विदिशा, रायसेन, कटनी, खंडवा, सतना, दमोह और बड़वानी जैसे जिलों में धरोहरों की चोरी के मामले सामने आए हैं। इन क्षेत्रों के मंदिरों से शिवलिंग, भगवान विष्णु और गणेश की प्रतिमाएं, जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां, यक्ष प्रतिमाएं और मंदिरों के स्थापत्य से जुड़े ऐतिहासिक हिस्से चोरी किए जा चुके हैं।
ताजा चर्चित मामला जुलाई 2026 में शिवपुरी के नरवर किले से करीब 400 साल पुरानी और 3.5 टन वजनी तोप की चोरी का है। पुलिस जांच में पता चला कि चोरी की गई तोप को राजस्थान ले जाया गया था, लेकिन अभी तक उसकी बरामदगी नहीं हो सकी है। इस घटना ने ऐतिहासिक स्मारकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी के नेटवर्क से जुड़े मामले
मध्य प्रदेश से चोरी हुई प्राचीन धरोहरों का संबंध अंतरराष्ट्रीय तस्करी के नेटवर्क से भी सामने आया है। वर्ष 2006 में कटनी से करीब 2200 साल पुरानी भरहुत यक्षी की प्रतिमा चोरी हुई थी। इसे अमेरिका में लगभग 80 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी थी। वर्ष 2011 में यह प्रतिमा कारोबारी सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित गोदाम से बरामद की गई थी। बाद में सुभाष कपूर को जर्मनी से गिरफ्तार किया गया। वह फिलहाल तमिलनाडु की तिरुचि केंद्रीय जेल में है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश से चोरी हुई सेलेस्टियल डांसर यानी देवता की प्राचीन प्रतिमा नवंबर 2024 में अमेरिका से भारत वापस लाई गई थी। वर्ष 2026 में अमेरिका से भारत लाई गई पुरावस्तुओं में नृत्य करते गणेश की प्रतिमा भी शामिल थी, जो मध्य प्रदेश से चोरी हुई थी।
धरोहरों के दस्तावेजीकरण पर दिया जा रहा जोर
प्राचीन धरोहरों की चोरी रोकने और विदेशों में पहुंच चुकी कलाकृतियों को वापस लाने के लिए अब उनके दस्तावेजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अगस्त 2026 में भोपाल में आयोजित ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की बैठक में धरोहरों की पहचान, दस्तावेजीकरण और विदेशों से उनकी वापसी के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया था।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक यदुवीर सिंह रावत के अनुसार, चोरी की अधिकतर घटनाएं काफी पुरानी हैं। स्मारकों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुरावशेषों का बेहतर दस्तावेजीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि चोरी हुई वस्तुओं की पहचान और बरामदगी आसान हो सके।
राज्यवार चोरी हुईं धरोहरों का आंकड़ा
मध्य प्रदेश – 142
राजस्थान – 91
उत्तर प्रदेश – 86
उत्तराखंड – 33
तमिलनाडु – 30
बिहार – 22
आंध्र प्रदेश – 18
कर्नाटक – 15
महाराष्ट्र – 12
छत्तीसगढ़ – 8
देश की प्राचीन धरोहरें केवल पत्थर, मूर्तियां और कलाकृतियां नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की पहचान हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था, नियमित निरीक्षण और बेहतर दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है। अन्यथा ऐतिहासिक विरासत का एक बड़ा हिस्सा हमेशा के लिए देश से गायब हो सकता है।