नई दिल्ली। ज्यूरिख से दिल्ली की उड़ान संचालित करने वाले एयर इंडिया के एक पायलट को शराब के नशे में पाए जाने के बाद विमान से उतार दिया गया। एयर इंडिया ने पायलट को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच पूरी होने तक निलंबन जारी रहेगा।
यह घटना 6 सितंबर की है। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले ग्राउंड स्टाफ को पायलट के पास से शराब की गंध महसूस हुई। इसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पायलट का उड़ान से पहले होने वाला अनिवार्य अल्कोहल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
जांच के बाद पायलट को ज्यूरिख से दिल्ली जाने वाली उड़ान से उतार दिया गया। बाद में उसे उसी विमान से यात्री के तौर पर भारत भेजा गया। एयर इंडिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पायलट को निलंबित कर दिया है।
एयर इंडिया ने कहा है कि सुरक्षा, नियमों या निर्धारित प्रोटोकॉल के किसी भी उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है।
एयरलाइन ने यह भी कहा कि सभी चालक दल के सदस्यों को उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं।
एयर इंडिया के अनुसार, पायलट के खिलाफ आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद तय की जाएगी।