नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने कक्षा 10 के लिए बोर्ड परीक्षा की डेट शीट जारी कर दी है। यह परीक्षाएं 15 मई 2026 से आयोजित की जाएंगी। 2026 से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जा रही हैं। हालांकि दूसरी बार परीक्षा देना अनिवार्य नहीं है बल्कि यह केवल एक विकल्प है। जारी की गई डेट शीट 10वीं की बोर्ड इसी दूसरी परीक्षा के लिए है। यह परीक्षा छात्रों को अपने अंकों में सुधार का एक और अवसर देगी। ऐसे छात्र जो मुख्य परीक्षा के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं वे भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। सीबीएसई द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं 15 मई से 21 मई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। अधिकांश पेपर सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक होंगे। वहीं कुछ चुनिंदा विषयों की परीक्षा 12 बजकर 30 मिनट पर समाप्त हो जाएगी।
CBSE की डेट शीट के अनुसार, 15 मई, यानी शुक्रवार, को पहली परीक्षा गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) की परीक्षा होगी। इसके बाद 16 मई को अंग्रेजी (कम्युनिकेटिव और लैंग्वेज एंड लिटरेचर) का एग्जाम लिया जाएगा। 18 मई, सोमवार, को विज्ञान की परीक्षा होगी। अंत में 21 मई को सामाजिक विज्ञान के पेपर के साथ मुख्य परीक्षाओं का समापन होगा। भाषा और अन्य विषय की बात करें तो ये परीक्षा 19 मई को होगी। 19 मई को हिंदी, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, मलयालम, असमिया सहित कई भाषाओं की परीक्षाएं एक साथ रखी गई हैं। वहीं 20 मई को पेंटिंग, संस्कृत, सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विदेशी भाषाएं, होम साइंस, रिटेल और टूरिज्म जैसे विषयों के पेपर भी निर्धारित समय के अनुसार होंगे।
यह व्यवस्था छात्रों को एक ही वर्ष में दो बार परीक्षा देने का अवसर देती है। छात्र अपनी आवश्यकता के अनुसार दोबारा परीक्षा देकर अपने अंक सुधार सकते हैं। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले अपनी तैयारी पूरी रखें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। गौरतलब है कि 10वीं बोर्ड की प्रथम परीक्षाओं का रिजल्ट कुछ दिन पहले ही जारी किया गया था। यहां सीबीएसई कक्षा 10 में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या 55368 रही। यानी लगभग 2.24 प्रतिशत छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं 2,21,574 छात्रों ने दसवीं कक्षा की परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। यह कुल सफल विद्यार्थियों का लगभग 8.96 प्रतिशत है। सीबीएसई के ये आंकड़े दर्शाते हैं कि उच्च अंक अर्जित करने वाले छात्रों की श्रेणी में करीब पौने तीन लाख छात्र शामिल हुए हैं। वहीं यह आंकड़ा मेधावी छात्रों के मजबूत प्रदर्शन को भी रेखांकित करता है। 10वीं की प्रथम परीक्षा परिणामों की बात करें तो वर्ष 2026 में कुल 24,83479 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 24,71777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 23,16008 छात्र सफल घोषित हुए। इस वर्ष कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 93.70 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष 93.66 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। इस प्रकार 0.04 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो स्थिर और सकारात्मक प्रदर्शन को दर्शाती है।