नई दिल्ली: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सह अध्यक्षता में सोमवार को आगामी भारत बिएनाले 2026 (तत् त्वम् असि) की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन के विभिन्न पहलुओं, विभागवार जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य भारत बिएनाले के माध्यम से दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत, समकालीन कला, वास्तुकला, डिजाइन और सांस्कृतिक विविधता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ‘द इंडिया बिएनाले 2026’ दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय कला और सांस्कृतिक जगत के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा आयोजन होगा। यह उत्सव वैश्विक कला परंपराओं और समकालीन सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। दुनिया के प्रतिष्ठित कला आयोजनों में शामिल वेनिस बिएनाले की तरह यह आयोजन भी भारत की कला, संस्कृति और रचनात्मकता के विविध आयामों को सामने लाएगा, लेकिन इसकी अपनी विशिष्ट भारतीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत होगी।
4 दिसंबर से 21 मार्च तक आयोजित होगा बिएनाले
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भारत बिएनाले 2026 का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक 108 दिनों के लिए नई दिल्ली में किया जाएगा। इसे कला, वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में देश के सबसे बड़े आयोजनों में से के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस आयोजन के तहत दिल्ली के 22 से अधिक ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, कला दीर्घाओं, सांस्कृतिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों को एक साझा सांस्कृतिक मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। पुराना किला इसका मुख्य केंद्र होगा। वहीं, लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, महरौली, हौज खास, अग्रसेन की बावली, राष्ट्रीय संग्रहालय, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और ललित कला अकादमी सहित अनेक स्थल इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
बिएनाले की केंद्रीय थीम ‘तत् त्वम् असि’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य व्यक्ति, समाज और उसके आसपास की दुनिया के बीच गहरे संबंध को समझना और उसे फिर से मजबूत करना है। यानी ध्यान भटकाने वाले इस दौर में एक-दूसरे और अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने की सोच पर आधारित यह आयोजन कला के माध्यम से आत्मचिंतन, सामुदायिक जुड़ाव और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर देगा। बिएनाले के चार प्रमुख आयाम होंगे, रिफ्लेक्शन (आत्मचिंतन), रिजुवनेशन (नई ऊर्जा), रिन्यूअल (नवीनता) और रेजिलिएंस (लचीलापन)। इसके तहत कला प्रदर्शनियां, कला प्रतिष्ठापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हेरिटेज वॉक, कार्यशालाएं, संवाद कार्यक्रम और स्टूडेंट बिएनाले आयोजित किए जाएंगे।
विभागों के बीच समन्वय और निगरानी के लिए बनेगा प्रभावी तंत्र
मुख्यमंत्री ने आयोजन की तैयारियों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार की ओर से शहरी विकास विभाग के सचिव को नोडल अधिकारी और प्रत्येक संबंधित विभाग में वरिष्ठ स्तर पर संपर्क अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। इससे सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल, जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
यातायात और कनेक्टिविटी को लेकर विशेष व्यवस्था
बैठक में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, डीटीसी, डीटीटीडीसी और डीएमआरसी को प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास सुगम यातायात एवं आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। पुराना किला, लाल किला, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, कुतुब मीनार और महरौली सहित अन्य स्थलों पर विशेष रूप से उद्घाटन समारोह और सप्ताहांत के दौरान यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी।
आगंतुकों की सुविधा के लिए विभिन्न आयोजन स्थलों को जोड़ने वाली हॉप-ऑन हॉप-ऑफ हेरिटेज बस सेवा विकसित करने, नजदीकी मेट्रो स्टेशनों पर बिएनाले से संबंधित साइनेज लगाने और व्यस्त दिनों में मेट्रो सेवाओं के समय में विस्तार की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इसके अलावा ई-रिक्शा और अन्य लास्ट-माइल सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित कर स्मारकों और आयोजन स्थलों तक पहुंच को सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए गए।
स्मारकों के आसपास नागरिक सुविधाओं का होगा सुदृढ़ीकरण
बैठक में दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी और डीडीए को बिएनाले के आयोजन स्थलों और उनके आसपास स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। एनडीएमसी को लोधी गार्डन, मथुरा रोड और इंडिया हैबिटेट सेंटर के आसपास व्यवस्थाएं सुधारने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, नगर निगम को पुराना किला, महरौली, हौज खास, लाडो सराय और लाल किला-चांदनी चौक क्षेत्र में जरूरी सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी आयोजन स्थलों के आसपास नियमित सफाई, पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय, कचरा संग्रहण, बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग, फुटपाथों की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आयोजन स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों पर स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने, हरियाली बढ़ाने, सौंदर्यीकरण और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने को कहा गया।
अनुमतियों के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था पर बल
बैठक में अस्थायी मंडपों, प्रदर्शनी संरचनाओं, कला प्रतिष्ठापनों, हैंगर, होर्डिंग, आउटडोर विज्ञापन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जरूरी अनुमतियां समय पर देने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को इन सभी स्वीकृतियों के लिए सिंगल-विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। साथ ही, दिसंबर और जनवरी में लागू होने वाले ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए फैब्रिकेशन, कला प्रतिष्ठापनों और अस्थायी संरचनाओं से जुड़े कार्यों के लिए जहां संभव हो, पहले से स्वीकृति देने पर जोर दिया गया ताकि प्रदूषण संबंधी प्रतिबंध लागू होने के दौरान आयोजन की तैयारियों से जुड़े जरूरी काम प्रभावित न हों।
दिल्ली की विरासत और पर्यटन को मिलेगा वैश्विक मंच
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली पर्यटन तथा कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग को भारत बिएनाले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बिएनाले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजन के रूप में स्थापित करने के लिए दिल्ली पर्यटन के प्रचार माध्यमों, होटलों और सूचना केंद्रों के जरिए देश-विदेश के पर्यटकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाएगी। हेरिटेज वॉक, नाइट टूर और पुरानी दिल्ली के विशेष पर्यटन कार्यक्रमों को बिएनाले से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जाएगा। साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के साथ समन्वय कर प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों और उनके आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन रोशनी की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।
विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी से जुड़ेगा नया सांस्कृतिक आयाम
शिक्षा विभाग और दिल्ली के विश्वविद्यालयों को स्टूडेंट बिएनाले के माध्यम से विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दिल्ली के सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए बिएनाले के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने तथा आवश्यक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जाएगी। विद्यार्थियों को स्वयंसेवक के रूप में गाइड और होस्ट की भूमिका निभाने के अवसर भी दिए जाएंगे। स्टूडेंट बिएनाले के लिए देशभर से 108 युवा कलाकारों का चयन किया गया है। यह पहल उभरते कलाकारों और डिजाइन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी से सजेगा दिल्ली का सांस्कृतिक परिदृश्य
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भारत बिएनाले 2026 को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें सरकार, कॉरपोरेट, सांस्कृतिक संस्थान, फाउंडेशन, कलाकार, संग्रहालय, कला दीर्घाएं और अंतरराष्ट्रीय सहयोगी एक साझा मंच पर आएंगे। अब तक विभिन्न प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ज्ञान-वर्धक कार्यक्रमों के लिए 200 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं तथा लगभग 40 प्रदर्शनियों की पुष्टि हो चुकी है। 19 देशों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ विभिन्न स्तरों पर सहभागिता की प्रक्रिया जारी है।

पुराना किला इस आयोजन का मुख्य केंद्र होगा, जहां देश के प्रमुख सांस्कृतिक संस्थानों और निजी भागीदारों की प्रदर्शनियां एवं कला प्रतिष्ठापन प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय संग्रहालय, एनजीएमए, लाल किला, कुतुब मीनार और अन्य स्थलों पर भी विविध प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। इनमें दुर्लभ कला संग्रह, समकालीन मूर्तिकला, पारंपरिक कलाओं, फोटोग्राफी और अंतरराष्ट्रीय कला प्रस्तुतियों को स्थान मिलेगा। आयोजन के कार्यक्रमों में बिहार संग्रहालय की ओर से छठ पूजा और पिंडदान की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुति भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत बिएनाले दिल्ली के लिए कला, वास्तुकला, डिजाइन और सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को स्पष्ट जिम्मेदारियों के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। आयोजन की सफलता केवल प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि देश-विदेश से आने वाले कलाकारों, पर्यटकों और आगंतुकों को दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक सुविधाओं और बेहतर नागरिक व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट अनुभव भी मिलना चाहिए। दिल्ली सरकार इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।