नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों का बोझ आम जनता पर डाल रही है, जबकि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
खरगे ने कहा कि दाम बढ़ने के कुछ ही दिनों बाद फिर से पेट्रोल-डीज़ल महंगा कर दिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “आम जनता की लूट और अडानी को अमेरिका से छूट” ही मोदी सरकार का “Compromised Model” बन गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रूस से तेल खरीदने के लिए अमेरिका से “Permission” लेने की स्थिति देश के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाती है। खरगे ने सवाल उठाया कि जब सरकार के मुताबिक तेल खरीदने की अनुमति मिल चुकी है, तो फिर जनता पर कीमतों का बोझ क्यों डाला जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में दूरदर्शिता और नेतृत्व की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संकट के समय सरकार चुनावों और प्रचार में व्यस्त रही, जबकि जनता महंगाई से जूझती रही।
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल विदेशों में प्रायोजित PR करने से कोई “विश्वगुरु” नहीं बन जाता, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही निभानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार संकट से निपटने के लिए अपने कदमों का जवाब नहीं देगी, तो वह “प्रधान सेवक” नहीं बल्कि सिर्फ “प्रचारक” बनकर रह जाएगी।