नई दिल्ली: भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि PVSM, AVSM, SM, VSM (रिटायर्ड) को देश का नया चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान के 30 मई 2026 को कार्यकाल पूरा होने के बाद आधिकारिक रूप से पदभार संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और रणनीतिक सैन्य संचालन में अहम भूमिका निभाई। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान मिल चुके हैं।
नए CDS के रूप में उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय सशस्त्र बलों में थिएटर कमांड और तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। रक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में भारतीय सेना की संयुक्त रणनीति और अधिक मजबूत होगी।
चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ देश की तीनों सेनाओं थल सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच समन्वय स्थापित करने वाला सर्वोच्च सैन्य पद होता है। CDS रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग (DMA) के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालता है।