नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले सात दिनों तक देश के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से ओडिशा के लिए अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं इस सिस्टम के प्रभाव से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर घाटी की नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका जताई है तथा स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले एक सप्ताह तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा पहाड़ी इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतें। लगातार मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की भी सलाह दी गई है।