देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 अब 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। 3 मई को आयोजित परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद लाखों छात्र नई तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब री-एग्जाम की घोषणा से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को कराई जाएगी। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
इस साल NEET-UG परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद देशभर में छात्रों के बीच नाराजगी देखने को मिली थी। मामले की जांच में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, केंद्र सरकार इस पूरे मामले की जांच CBI को सौंप सकती है।
NTA ने यह भी साफ कर दिया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। जिन अभ्यर्थियों ने 3 मई की परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे सीधे 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।