नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार, 7 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 28 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम में बदलाव के साथ कई इलाकों में सर्दी की आहट भी महसूस होने लगी है।
दिल्ली-NCR में बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के दौरान हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर बदल सकती है और हवा की गति करीब 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार रात से बारिश और ओलावृष्टि हुई। किन्नौर जिले के चौरा और तरंडा पंचायत क्षेत्रों में जोरदार ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय किसानों के मुताबिक, ओलों से खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों के पौधे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। अचानक बदले मौसम के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 7 से 12 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दक्षिण और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव जारी रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।