तमिलनाडु सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए फसल ऋण माफी की नई योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि राज्य के किसानों के 75,000 रुपये तक के फसल ऋण को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इस फैसले से लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकार के अनुसार, इस योजना का लाभ करीब 14.43 लाख किसानों को मिलेगा। ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन पर राज्य सरकार को लगभग 5,932 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार उठाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने 75,000 रुपये से अधिक का फसल ऋण लिया है, उन्हें भी राहत दी जाएगी। ऐसे किसानों के लिए 35,000 रुपये तक की ऋण माफी का प्रावधान किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार ने सहकारी बैंकों से ऋण लेने वाले लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 50,000 रुपये तक की ऋण माफी की घोषणा की थी। किसानों की मांग और सुझावों को ध्यान में रखते हुए अब इस योजना का दायरा बढ़ाया गया है।
सरकारी बयान के मुताबिक, यह ऋण माफी योजना 1 मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच फसल ऋण लेने वाले किसानों पर लागू होगी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, माफ की गई राशि निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि यह फैसला किसानों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ आगामी बुवाई सीजन के लिए नए ऋण प्राप्त करने में भी मददगार साबित होगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और किसानों का आर्थिक बोझ कम होगा।