• होम
  • पंजाब
  • अमृतसर : बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौट रहे सरकारी शिक्षक की बीच सड़क पर गला रेतकर हत्या

अमृतसर : बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौट रहे सरकारी शिक्षक की बीच सड़क पर गला रेतकर हत्या

अमृतसर (जंडियाला गुरु): पंजाब के अमृतसर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। जंडियाला गुरु इलाके के पास अज्ञात हमलावरों ने एक सरकारी स्कूल शिक्षक की बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने तेजधार हथियारों (दातर) से वार कर शिक्षक का गला काट […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 2, 2026 4:32 am IST, Published 1 hour ago

अमृतसर (जंडियाला गुरु): पंजाब के अमृतसर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। जंडियाला गुरु इलाके के पास अज्ञात हमलावरों ने एक सरकारी स्कूल शिक्षक की बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने तेजधार हथियारों (दातर) से वार कर शिक्षक का गला काट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी को छोड़ वापस लौट रहे थे घर

मृतक की पहचान 40 वर्षीय जगदीप सिंह के रूप में हुई है, जो गांव तलवंडी (नेड़े मालोवाल) के रहने वाले थे। जगदीप सिंह गैरी मंडी स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बतौर ड्राइंग टीचर कार्यरत थे। वारदात के समय वह अपनी 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी को जंडियाला में स्कूटी से ट्यूशन छोड़ने गए थे। दोपहर करीब 2:15 बजे जब वह बेटी को छोड़कर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी नरैणगढ़ ड्रेन (नहर) के पास सुनसान रास्ते पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

बेरहमी की हदें पार: मौके पर बिखरे मिले मांस के टुकड़े

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती सूचना के मुताबिक, हमलावरों की संख्या करीब 4 बताई जा रही है। उन्होंने जगदीप सिंह पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर, चेहरे और सीधे गले पर वार किया। हमला इतना बर्बर था कि शिक्षक का शव सड़क पर औंधे मुंह गिरा मिला और आसपास खून के साथ मांस के टुकड़े बिखरे हुए थे। ज्यादा खून बह जाने के कारण जगदीप सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने सड़क पर शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया।

मौके पर मिला सामान: मृतक के चाचा सुरिंदर सिंह ने बताया, “हमे जैसे ही खबर मिली, हम मौके पर भागे। वहां जगदीप की बाइक (स्कूटी) और चप्पलें पड़ी थीं। जगदीप बेहद शांत स्वभाव के थे और उनका किसी के साथ कोई विवाद या पुरानी दुश्मनी नहीं थी। हमें समझ नहीं आ रहा कि यह किसने और क्यों किया।”

पारिवारिक विवाद और लूटपाट समेत हर एंगल पर जांच

घटना की सूचना मिलते ही जंडियाला गुरु के डीएसपी बलजीत सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।

डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला किसी घरेलू या पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, परिवार के सदस्य लूटपाट की आशंका भी जता रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि अभी किसी एक नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रूट को ट्रैक करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Advertisement