इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। आज सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए राजस्थान के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। ऐसे में एक बार फिर सबकी निगाहें टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं।
सिर्फ 15 साल की उम्र में आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले वैभव इस सीजन में लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। खास बात यह है कि आज का मुकाबला उसी “पिच नंबर 5” पर खेला जाना है, जहां उन्होंने कुछ मैच पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी शतक जड़ा था।
जयपुर की पिच नंबर 5 इस सीजन वैभव सूर्यवंशी के लिए बेहद खास साबित हुई है। इसी मैदान पर उन्होंने महज 37 गेंदों में 103 रन ठोककर गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। उनकी उस पारी में चौकों और लंबे छक्कों की बरसात देखने को मिली थी।
अब एक बार फिर वही पिच और सामने लखनऊ की गेंदबाजी। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि वैभव आज फिर बल्ले से धमाका कर सकते हैं।
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन शानदार रहा है। युवा बल्लेबाज अब तक 12 मैचों में 486 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 230 से ज्यादा का रहा है, जो उनके आक्रामक अंदाज को दिखाता है।
इतना ही नहीं, वैभव इस सीजन कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। वह तीन बार 15 गेंदों से कम में फिफ्टी लगाने का कारनामा कर चुके हैं, जो किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
दिल्ली के खिलाफ पिछले मुकाबले में वैभव ने तीन बड़े छक्के लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया था। वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा सबसे कम गेंदों में 500 आईपीएल रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी उनके निशाने पर है। आज अगर वह 14 रन बना लेते हैं तो यह उपलब्धि भी अपने नाम कर लेंगे।
राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। लगातार हार के बाद टीम दबाव में है और ऐसे समय में वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। अगर युवा बल्लेबाज का बल्ला चला तो लखनऊ के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जयपुर के दर्शकों को भी उम्मीद है कि आज एक बार फिर वैभव के बल्ले से चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिलेगी।