गुवाहाटी: असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि प्रभावित लोगों की संख्या एक दिन में लगभग चार गुना बढ़कर 37 हजार से अधिक पहुंच गई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ का पानी सोनितपुर, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, धेमाजी, जोरहाट और शिवसागर समेत छह जिलों में फैल गया है। बाढ़ से इन जिलों के 12 राजस्व सर्कल और 99 गांव प्रभावित हुए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ से कुल 37,032 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें लखीमपुर सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां बड़ी संख्या में लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं।
गौरतलब है कि सोमवार तक बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या करीब 9,600 थी, लेकिन लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण एक ही दिन में यह आंकड़ा लगभग चार गुना बढ़ गया।
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।