इंफाल। मणिपुर में नगा समुदाय के छह लोगों के अपहरण और हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनआईए, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने शनिवार को की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुंगौला वैफेई और लुनमिंथंग सिथलौ उर्फ जैक के रूप में हुई है। लुंगौला वैफेई लेइलोन वैफेई गांव का निवासी है, जबकि लुनमिंथंग सिथलौ कांगपोकपी जिले का रहने वाला है।
इस मामले में इससे पहले 10 जुलाई को भी एनआईए ने लेइलोन वैफेई गांव से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी अब मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि 10 जून को लेइलोन वैफेई गांव के पास नगा समुदाय के छह लोगों के शव बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी का पहले अपहरण किया गया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई।
घटना के बाद नगा और मैतेयी समुदाय के लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंपी गई थी।
एनआईए ने कहा है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अभियान जारी है। एजेंसी पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।