मणिपुर : नगा समुदाय के 4 लोगों की मौत

दो कुकी उग्रवादी संगठनों पर आरोप इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार सुबह हुए घात लगाकर हमले में नगा समुदाय के चार लोगों की मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए। हमले में एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य भी मारे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हथियारबंद […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 29, 2026 8:13 am IST, Published 2 hours ago

दो कुकी उग्रवादी संगठनों पर आरोप

इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार सुबह हुए घात लगाकर हमले में नगा समुदाय के चार लोगों की मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए। हमले में एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य भी मारे गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, हथियारबंद हमलावरों ने मकुई अशांग और थानांबा गांवों के बीच एक वाहन को निशाना बनाया। वाहन में सवार लोगों पर अचानक गोलीबारी की गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले में घायल व्यक्ति ने बताई घटना

हमले में बचने वाले गाइकामांग रिंगकांगमाई को गोली लगी है। उनके बाएं हाथ में चोट आई है और उन्हें सेनापति जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाइकामांग ने बताया कि वे सेनापति जिले की ओर जा रहे थे, तभी हथियारबंद लोगों ने उनके वाहन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने कैमोफ्लाज वर्दी पहन रखी थी और उनकी राइफलों पर लाल रंग के रिबन बंधे हुए थे।

गाइकामांग के मुताबिक, गोली लगने के बाद उन्होंने वाहन से छलांग लगाई और झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। उनके अनुसार, हमलावरों की ओर से लगातार गोलीबारी की जा रही थी।

नगा संगठन ने दो कुकी संगठनों पर लगाया आरोप

इस हमले के बाद नगा समुदाय की शीर्ष संस्था यूनाइटेड नगा काउंसिल (UNC) ने दो कुकी उग्रवादी संगठनों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है।

UNC ने कुकी नेशनल फ्रंट (पी) और कुकी रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA) को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बल हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।

मणिपुर में लंबे समय से जारी जातीय तनाव के बीच इस तरह की हिंसक घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

Advertisement