गंगटोक। सिक्किम में एनएचपीसी (NHPC) की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। गुरुवार देर रात तक विभिन्न एजेंसियों की टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान जारी रखते हुए सुरंग में फंसे शेष श्रमिकों की तलाश तेज कर दी।
रात करीब 10 बजे पश्चिम बंगाल के आसनसोल से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की दूसरी विशेष बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गई। सभी एजेंसियां समन्वय के साथ देर रात तक राहत कार्य में जुटी रहीं।
ताजा जानकारी के अनुसार, सुरंग से अब तक 22 श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव दल अभी भी 3 लापता श्रमिकों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार दोपहर सुरंग के भीतर मिथेन गैस के रिसाव के कारण हुआ था। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय सुरंग के अंदर 25 श्रमिक मौजूद थे। घटना के बाद से लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
नामची जिला प्रशासन, एनएचपीसी और अन्य संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बचाव दलों का लक्ष्य जल्द से जल्द लापता तीनों श्रमिकों का पता लगाना है। सुरंग के भीतर कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभियान लगातार जारी है।