वाराणसी। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नमन करते हुए 25 अप्रैल 2026 को वाराणसी के सनबीम लहरतारा परिसर में एक विशेष संगीत संध्या “श्रद्धांजलि” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पद्मभूषण से सम्मानित, महान गायक स्वर्गीय पंडित राजन मिश्रा जी की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने बनारस घराने की गायकी को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्व. पं. राजन मिश्रा जी के सुपुत्र पं ऋतेश मिश्रा ने बताया कि संध्या 6:30 बजे से आरंभ होने वाले इस गरिमामय आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रमुख रूप से सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमति दिव्या शर्मा और बनारस घराने के प्रख्यात गायक पं. अनुप मिश्रा अपनी सुरीली गायकी से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे। वहीं, सितार वादन में पं. नरेंद्र मिश्रा अपनी कला का जादू बिखेरेंगे।
कार्यक्रम में संगत कलाकारों की भी विशेष भूमिका रहेगी। तबला पर श्री श्रीकांत मिश्रा एवं पं. राजेश मिश्रा, तथा हारमोनियम पर पं. पंकज मिश्रा अपनी लय और संगति से प्रस्तुति को ऊंचाई देंगे। कार्यक्रम का संचालन अमित मिश्रा करेंगे।
यह आयोजन रसिपा (राजन-साजन मिश्रा इंस्टिट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स), सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस तथा कला प्रकाश के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
संगीत प्रेमियों के लिए यह संध्या न केवल एक सांस्कृतिक उत्सव होगी, बल्कि महान गुरु स्वर्गीय पं. राजन मिश्रा जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी। बनारस की सांगीतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने का यह प्रयास निश्चित ही सराहनीय है।