बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र के सादुल्लानगर मुख्य बाजार में करीब छह वर्षों से बंद पड़ा पेट्रोल पंप गुरुवार को फिर से शुरू हो गया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी के परिवार को कुर्क की गई संपत्तियों का कब्जा वापस सौंप दिया, जिसके बाद पेट्रोल पंप और अस्पताल का संचालन दोबारा शुरू हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी है।
दिसंबर 2020 में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पूर्व सपा विधायक से संबंधित पेट्रोल पंप, अस्पताल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कुर्क कर सील कर दिया था। इसके बाद क्षेत्र के लोगों को पेट्रोल-डीजल और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे कस्बों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने कुर्क की गई संपत्तियों को कब्जामुक्त कर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गुरुवार से पेट्रोल पंप पर ईंधन की बिक्री शुरू हो गई, जबकि अस्पताल में भी मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया।
पेट्रोल पंप के दोबारा खुलने से सादुल्लानगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। अब वाहन चालकों को ईंधन भरवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। वहीं अस्पताल के संचालन से स्थानीय मरीजों को भी इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
स्थानीय निवासी सुशील श्रीवास्तव, सुनील गुप्ता, बिनोद यादव, मोबीन खान, काजी अख्तर अब्बासी, शहबाज अहसन, इमरान इदरीसी और इसरार अहमद ने पेट्रोल पंप और अस्पताल के पुनः संचालन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं की बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, इन संस्थानों के खुलने से सादुल्लानगर की व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
रमेश कुमार शर्मा।गौरवशाली भारत