आगराः अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर आगरा मेट्रो ने यात्रियों के लिए एक अनोखा और यादगार आयोजन किया। ताज महल मेट्रो स्टेशन पर आयोजित ‘चेस चैलेंज’ और ‘ब्लिट्ज चेस प्रतियोगिता’ में मेट्रो यात्रियों, शतरंज प्रेमियों और आगरा मेट्रो के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य शतरंज जैसे बौद्धिक खेल को बढ़ावा देना और यात्रियों को सफर के साथ एक अलग अनुभव देना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए चेस चैलेंज का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें पहले से तय शतरंज की स्थिति (चेस पज़ल) को हल करना था। इसके साथ ही ब्लिट्ज चेस मुकाबले भी आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ी बेहद कम समय में तेज़ रणनीति और त्वरित फैसलों के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आए। प्रतियोगिताओं में युवाओं से लेकर आम यात्रियों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में हेक्स एथलेटिक्स ग्रुप और स्पोर्ट्स ब्रांड डिकैथलॉन ने भी सहयोग किया। प्रतिभागियों के लिए खेल सामग्री और अन्य प्रोत्साहन सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रतियोगिता का उत्साह और बढ़ गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि आगरा मेट्रो का उद्देश्य केवल सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि यात्रियों के सफर को यादगार बनाना भी है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे यात्री सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे मेट्रो स्टेशन केवल आवागमन का केंद्र न रहकर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी मंच बन सकें।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि शतरंज प्रतियोगिताओं के साथ आगरा म्यूजिक कलेक्टिव के कलाकारों ने लाइव संगीत प्रस्तुति देकर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से यात्रियों का मनोरंजन किया और स्टेशन का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
यात्रियों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मेट्रो यात्रा को अधिक रोचक और यादगार बनाते हैं। आयोजकों ने भी भविष्य में इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित करने की उम्मीद जताई।