सहारनपुर: सहारनपुर के नानौता कस्बे में एक बार फिर एटीएस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। भोपाल एटीएस की टीम आरोपी नईम अब्दुल्ला को साथ लेकर उसके घर पहुंची, जहां कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
मोहल्ला अफगानान स्थित आरोपी के घर और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच टीम ने दस्तावेजों, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से पड़ताल की। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर आरोपी के संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई।
सूत्रों के अनुसार, भोपाल एटीएस और यूपी एटीएस की संयुक्त टीम संदिग्ध डिजिटल नेटवर्क, ऑनलाइन संपर्कों और संभावित कनेक्शनों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे और उसके डिजिटल नेटवर्क का दायरा कितना व्यापक था।
कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि सुरक्षा कारणों से पुलिस ने आवाजाही पर नजर बनाए रखी। एटीएस की इस दोबारा दबिश ने नानौता क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले में मिले साक्ष्यों का विश्लेषण कर आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।