भांवरकोल/गाजीपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में उत्तर हावड़ा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी उमेश राय ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार गौतम चौधरी को लगभग 12,500 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर इतिहास रच दिया। उमेश राय की इस जीत से भांवरकोल ब्लॉक के पलिया गांव सहित पूरे गाजीपुर जनपद में खुशी की लहर है। गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि यह जीत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
जानकारी के अनुसार, उमेश राय के पिता स्वर्गीय बेनी माधव राय लगभग 50 वर्षों तक कोलकाता में रहकर परिवार को स्थापित करने में जुटे रहे। वहीं उनके बड़े भाई आज भी गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं और “ढोढा राय” के नाम से जाने जाते हैं। यह परिवार अपनी सादगी और सामाजिक जुड़ाव के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। उमेश राय की इस जीत के पीछे उनकी मजबूत जमीनी पकड़, सरल स्वभाव और प्रभावी जनसंपर्क रणनीति का बड़ा योगदान रहा। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिसका सकारात्मक असर मतदाताओं पर पड़ा। इस ऐतिहासिक जीत पर गाजीपुर के कई गणमान्य लोगों ने उमेश राय को शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और भांवरकोल क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन करने वाली है।