बलरामपुर। रेहरा बाजार थाने को जाने वाला मुख्य मार्ग, जो लंबे समय से जर्जर अवस्था में होने के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था, अब जल्द ही नई पहचान पाने जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान के प्रयास से इस मार्ग का सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी सौरभ पांडे एवं थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह ने विधिवत भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ कराया। इस सड़क के बनने से न केवल स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिलेगी, बल्कि फरियादियों, अधिवक्ताओं, पुलिस कर्मियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को भी थाने तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
बताया गया कि बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सानू सिंह, संजय सिंह, अवनीश सिंह सहित कई गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया।
रमेश कुमार शर्मा।गौरवशाली भारत