गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शादी टूटने से नाराज एक युवक ने घर में जबरन घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से थाने जा रहा था और रास्ते में उसने खुद का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस वीडियो में उसने लड़की और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खुशी (20 वर्ष): बड़ी बहन खुशी को शरीर में 4 गोलियां लगी हैं (तीन पैर में और एक पेट में)। हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
निधि (18 वर्ष): छोटी बहन निधि के चेहरे (मुंह) पर गोली लगी है। वह भी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में उपचाराधीन है।
1. डेढ़ साल पहले तय हुआ था रिश्ता:
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा बारादरी का रहने वाला आरोपी ‘जॉनी’ रैपिडो चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले उसका रिश्ता खोड़ा की रहने वाली खुशी से तय हुआ था।
2. चाल-चलन के कारण टूटा रिश्ता:
जॉनी की हरकतों और खराब चाल-चलन से तंग आकर लड़की के परिवार ने करीब 4 महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था और उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात से आरोपी लगातार रंजिश रख रहा था।
3. खिड़की और फ्रिज हटाकर कमरे में घुसा:
मंगलवार शाम करीब 4 बजे जॉनी अवैध तमंचा लेकर खुशी के घर की ऊपरी मंजिल पर धमक पड़ा। उसे देखकर दोनों बहनों ने डर के मारे खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद जॉनी ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा, रास्ते में रुकावट के लिए रखा फ्रिज हटाया और भीतर घुसकर दोनों बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद वह खिड़की से कूदकर भाग निकला।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर तक की मांग की है।
पुलिस का बयान:
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।