ग्रेटर नोएडा स्थित जीएसटी विभाग में आंतरिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। विभाग के 63 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपर आयुक्त संदीप भागिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उनके कार्य व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है, जिससे कार्यस्थल का माहौल प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में प्रमुख सचिव और राज्य कर आयुक्त को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विभागीय कार्यों के संचालन और कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि संदीप भागिया पर पहले भी विभिन्न आरोप लग चुके हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया और आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है। फिलहाल, कर्मचारियों की शिकायत के बाद विभागीय हलकों में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।