आगरा में 12 देशों के 40 सदस्यीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने दौरा कर भारतीय चुनाव प्रणाली और ऐतिहासिक धरोहरों का अनुभव लिया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध ताज महल का भ्रमण करने के साथ-साथ चुनावी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों ने मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, ईपीआईसी (EPIC) केंद्र और निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें मतदाता सूची तैयार करने, पहचान पत्र वितरण और मतदान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने ईवीएम वेयर हाउस का भी निरीक्षण किया, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। विदेशी मेहमानों ने भारतीय चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता और तकनीकी व्यवस्थाओं में रुचि दिखाई।
प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। आगरा दौरे के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय लोकतंत्र और सांस्कृतिक विरासत दोनों की सराहना की।