लखनऊ: यूपी में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 39 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, मानसून के आगमन में देरी होने के कारण लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। प्री-मानसून गतिविधियां अभी सीमित हैं और व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई।
राजधानी लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। दिन के समय तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून को प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय होने में अभी पांच से छह दिन और लग सकते हैं।
तापमान की बात करें तो बांदा एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच जैसे शहरों में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। वहीं लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि 25 जून के बाद प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आ सकती है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।