रायबरेली/अमेठी। कांग्रेस सांसद ने बुधवार को रायबरेली में आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा के दौरान प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और RSS पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि जब RSS के कार्यकर्ता जनता के सामने आएं तो उनसे खुलकर कहना चाहिए कि “आपका प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और संगठन गद्दार है। आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है।”
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने देश में आर्थिक संकट की आशंका जताई। उन्होंने कहा, “अब आर्थिक तूफान आने वाला है। मोदी आपको बचा नहीं पाएंगे। जैसे कोविड और नोटबंदी के समय टीवी पर आकर हाथ जोड़कर बोले थे कि मुझे फांसी पर लटका देना, वैसे ही फिर रोते हुए नजर आएंगे और कहेंगे- मेरी गलती नहीं है।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि “गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है, क्योंकि इन्होंने संविधान को खत्म करने का काम किया है।”
राहुल गांधी रायबरेली के लोधवारी गांव में आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित कर रहे थे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह उनका सातवां रायबरेली दौरा है। इससे पहले वे 19 जनवरी 2026 को यहां आए थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में सक्रिय हो चुके हैं और लगातार रायबरेली-अमेठी क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहे हैं।