लखनऊ में आयोजित बहुजन समाज पार्टी की बड़ी बैठक में पार्टी प्रमुख मायावती ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने नया चुनावी नारा दिया — “हाथी पर बटन दबाना है, सत्ता में वापस आना है।”
बैठक में मायावती ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सर्वसमाज में पार्टी का जनाधार बढ़ाने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक हालात चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे समय में BSP कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। मायावती ने निर्देश दिए कि कार्यकर्ता गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और BSP सरकारों के दौरान किए गए कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती, मजबूत प्रत्याशियों के चयन और बूथ मैनेजमेंट पर विशेष जोर दिया गया। मायावती ने कहा कि बदलते चुनावी माहौल को देखते हुए पार्टी की रणनीति और तैयारियों को और ज्यादा सक्रिय एवं प्रभावी बनाना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को वोट की सुरक्षा, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क तैयार करने के निर्देश भी दिए। BSP प्रमुख ने भरोसा जताया कि अगर संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा तो पार्टी फिर से सत्ता में वापसी कर सकती है।