2027 चुनाव से पहले सुरक्षा बढ़ाई

यूपी में अखिलेश-मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सरकार ने कई प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। योगी सरकार ने अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है। इनमें प्रदेश सरकार के 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 21, 2026 3:09 pm IST, Published 33 minutes ago

यूपी में अखिलेश-मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सरकार ने कई प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। योगी सरकार ने अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है। इनमें प्रदेश सरकार के 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं।

बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वालों में मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओपी राजभर और अपर्णा यादव के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा नेताओं संगीत सोम और सुरेश राणा को भी जैकेट उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है।

पहली बार सुरक्षा व्यवस्था में शामिल की गई जैकेट

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सुरक्षा मुख्यालय ने इन बुलेटप्रूफ जैकेट की खरीद की है। एक जैकेट की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

मंत्री संजय निषाद ने जैकेट मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें अभी इसे पहनने की जानकारी नहीं है और उन्हें इसे पहनने की ट्रेनिंग भी नहीं दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए एहतियाती तौर पर यह व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का यह पहला बड़ा कदम है।

पहले चरण में 8 नेताओं को जैकेट दी गई थी, जबकि दूसरे चरण में 44 और नेताओं को इसे उपलब्ध कराया गया। इस तरह कुल 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई है।

सुरक्षा मानकों में हुआ बदलाव

सरकार ने आधिकारिक तौर पर जैकेट उपलब्ध कराने की वजह स्पष्ट नहीं की है। हालांकि, सुरक्षा मुख्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक पहले बुलेटप्रूफ जैकेट सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं थी। अब इसे सुरक्षा मानकों में शामिल किया गया है।

उत्तर प्रदेश में फिलहाल 98 नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण लोगों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इनमें सत्ताधारी दल के नेताओं के अलावा विपक्ष के प्रमुख नेता भी शामिल हैं।

12 लोगों को मिली है जेड प्लस सुरक्षा

उत्तर प्रदेश में 98 लोगों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली है। इनमें सबसे अधिक 26 लोगों को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके अलावा 10 लोगों को वाई प्लस, 10 लोगों को एस्कॉर्ट के साथ वाई और 13 लोगों को एस्कॉर्ट के साथ वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।

जेड प्लस सुरक्षा पाने वाले 12 लोगों में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती शामिल हैं।

इनके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, सुरेश राणा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और हाईकोर्ट के एक सेवानिवृत्त जज को भी जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है।

ब्रजेश पाठक को जेड श्रेणी की सुरक्षा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा को भी जेड सुरक्षा दी गई है।

सुरक्षा पाने वाले प्रमुख नेताओं में भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम, पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, मंत्री नंद गोपाल नंदी, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।

बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने के फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement